सुल्तानपुरपट्टी। शुक्रवार की सुबह कोसी नदी में खनन क्षेत्र में दर्जनों वाहन व बैलगाड़ियों से उपखनिज भरा जा रहा था। अचानक तेज बहाव से पानी आने से हलचल मच गई ओर सभी ने अपने वाहनों को कोसी के बाहर निकालकर जान बचाई। नदी में पानी आने से खनन कार्य पूरी तरह से बंद हो गया। पिछले तीन दिनों से पहाड़ो में लगातार हो रही बारिश से कोसी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। शुक्रवार की सुबह नदी में अचानक तेज बहाव के साथ पानी आने से भगदड़ मच गई। दूसरे गांवो से आई सूचना पर हरकत में आए वाहन चालकों ने जैसे-तैसे अपने वाहन बाहर निकाले। चालक अपने-अपने वाहनों को निकालने के प्रयास में देर शाम तक कोसी के किनारे भूखे प्यासे फंसे रहे। तेज बहाव ने कोसी नदी के किनारे कई गांवो में भूकटाव भी किया । जिससे नदी किनारे खड़ी फसलें भी प्रभावित हुई है।