किच्छा। बीरुनगला में नौ सितंबर को हुई फायरिंग में वांछित चार आरोपियों पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है जबकि पांचवां आरोपी राहुल श्रीवास्तव गिरफ्तार हो चुका है। सीओ ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि इस मामले में एक पक्ष के राहुल श्रीवास्तव, गगनदीप सिंह, हरनाम सिंह और एक अज्ञात समेत दूसरे पक्ष के गुरपेज सिंह और गुरबाज सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि प्रकरण में विपिन ठाकुर का नाम भी प्रकाश में आया था। ये सभी लोग फरार बताए गए हैं। सीओ ने बताया कि एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने गगनदीप सिंह, विपिन ठाकुर, गुरपेज सिंह, गुरबाज सिंह पर इनाम की घोषणा की है।
फायरिंग का आरोपी तमंचे समेत गिरफ्तार
किच्छा। रेलवे कॉलोनी वार्ड छह निवासी हरभजन सिंह ने कोतवाली में तहरीर दी। इसमें बताया कि 15 सितंबर की रात करीब दस बजे वह अपने दोस्त योगेश राजपूत के साथ पुरानी गल्ला मंडी से घर जा रहा था कि रेलवे स्टेशन के पास एक बाइक पर सवार चार लोग पीछा कर अभद्रता करने लगे। उनमें से एक ने तमंचा निकालकर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस ने चार अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। सीओ ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि इस आरोप में सिरौलीकलां निवासी समीर शाह को चीनी मिल के पास पकड़ा गया। उससे एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। अदालत में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।