काशीपुर। काशीपुर तथा आसपास के क्षेत्र में भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। ऐसे में बिजली कटौती भी लोगों को खूब रुला रही है। दिन से लेकर रात तक कई बार बिजली कटौती परेशानी का सबब बनी हुई है। इधर लगातार शिकायतों के बाद भी बिजली की आपूर्ति सामान्य नहीं हो पा रही है।
पिछले कई दिन से गर्मी लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार काशीपुर में रविवार को तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा। भीषण गर्मी के बीच गरम हवाएं भी लोगों की परेशानी का सबब बनी हुई हैं। शनिवार की रात कुंडेश्वरी रोड, गिरीताल रोड, आनंद विहार कॉलोनी, चामुंडा विहार और कुंडेश्वरी रोड की कई अन्य काॅलोनियों में कई बार बिजली कटौती होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासी एचके शर्मा, सुरेंद्र सिंह और राजेंद्र गर्ग आदि ने बताया कि बिजली कटौती की समस्या लगातार बनी हुई है। उन्होंने गर्मी के सीजन में बिजली कटौती को बंद करने की मांग की है। संवाद
एसी और कूलर, पंखे की बिक्री बढ़ी
काशीपुर। भीषण गर्मी के बीच इलेक्ट्रानिक उपकरणों एयर कंडीशनर, कूलर और पंखों की बिक्री इन दिनों खूब हो रही है। विक्रेता संजीव अग्रवाल ने बताया कि वैसे तो एसी और कूलर की बिक्री अप्रैल के महीने से ही शुरू हो गई थी लेकिन मई आते ही गर्मी ज्यादा बढ़ने पर इन उपकरणों की बिक्री बढ़ गई है।
मिट्टी के घड़े और सुराही का बाजार भी चमका
काशीपुर। गर्मी के इस सीजन में गरीबों के फ्रीज कहे जाने वाले मिट्टी के घड़े और सुराही आदि की मांग भी बढ़ी है। मिट्टी के बर्तनों के विक्रेता नारायण सिंह और राम सिंह आदि ने बताया कि गर्मी बढ़ने से मिट्टी के बर्तनों को खरीदने वालों की संख्या भी बढ़ी है।