खटीमा से टनकपुर जा रही रोडवेज बस में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
खटीमा में रोडवेज वर्कशॉप से आ रही टनकपुर डिपो की अनुबंधित बस में अचानक आग लग गई। घटना के समय बस में केवल चालक और मैकेनिक थे। यात्रियों के नहीं होने से बड़ा हादसा बच गया।
टनकपुर डिपो के सहायक महाप्रबंधक सुरेश चंद्र पांडेय ने बताया कि बस में खराबी आने के बाद चालक और परिचालक बस को खटीमा वर्कशॉप ले गए थे। बस को दिखाने के बाद चालक चालक प्रदीप सिंह और मैकेनिक उसे टनकपुर ले जा रहे थे। चकरपुर के पास कुटरी में चालक के अचानक ब्रेक लगाने के बाद बस से धुआं उठने लगा। चालक और मैकेनिक फौरन बस से नीचे उतरे। दोनों ने बस में मौजूद फायर उपकरणों से आग बुझाने की कोशिश की और फायर सर्विस को इसकी सूचना दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई और खतरे को टाला।
सहायक महाप्रबंधक ने बताया कि बस में आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका है। सीएनजी लीक होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।