शक्तिफार्म में गोविंदनगर गांव के एक मशरूम फार्म में लगी आग से कंपोस्ट खाद के 900 कट्टे जलकर खाक हो गए। फार्म संचालक ने नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है।
गांव के पानू घाट के समीप तारक ढाली के मशरूम फार्म में रविवार को अचानक आग लग गई। फार्म से उठता धुआं देखकर तारक के चाचा ने शोर मचाकर लोगों को बुलाया। तारक ढाली और आसपास के लोगों ने मौके पर आकर आग बुझाने की कोशिश की। हालांकि तब तक आग विकराल हो चुकी थी। कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझी तब तक मशरूम फार्म और वहां मशरूम उत्पादन के लिए रखी खाद जल चुकी थी।
फार्म स्वामी तारक ढाली के अनुसार आग से करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौका मुआयना किया है।