रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप में दुकान में लगी आग। संवाद
ट्रांजिट कैंप में हुई घटना, दमकल की तीन गाड़ियों ने किया काबू
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप में जूते चप्पल की दुकान में आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। आग से दुकान का सारा सामान जल गया। दमकल विभाग के मुताबिक आग का कारण शार्ट सर्किट हो सकता है।
खेड़ा निवासी जलीस अहमद की गोल मढ़ैया के पास राजा काॅलोनी में भारत फुटवेयर नाम से जूते चप्पल की दुकान है। जलीस दुकान का सामान लेने आगरा गए हैं। शुक्रवार सुबह उनके बेटे अयाज ने दुकान खोली थी। थोड़ी देर में दुकान से धुआं निकलना शुरू हुआ और सामान आग में जलने लगा। सूचना पर रुद्रपुर दमकल विभाग की दो और सिडकुल से एक गाड़ी घटनास्थल पर पहुंच गई।
पुलिस ने घटनास्थल पर लगी भीड़ को हटाने के साथ ही सड़क के दोनों ओर यातायात रुकवाया और दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। सूचना पर समाजसेवी संजय ठुकराल और महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष मीना शर्मा ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। सीएफओ ईशान कटारिया ने बताया कि आधे घंटे में आग बुझा ली थी। आग की वजह शार्ट सर्किट लग रही है। दुकानस्वामी के लौटने पर ही नुकसान के बारे में जानकारी मिल सकेगी।
इंसेट:
अगल बगल की दुकानों से हटवाया सामान
रुद्रपुर। दुकान से आग की लपटें निकलती देख आसपास के लोग भी दहशत में आ गए थे। सीएफओ ने बताया कि ऐहतियातन फुटवियर के अगल-बगल की दुकानों से सामान खाली करवा दिया गया था। संवाद