दिनेशपुर। महिला से मारपीट कर उसे घायल करने के आरोप में पुलिस ने तीन महिलाओं सहित चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
कीरतपुर निवासी मंजू सरकार ने थाने में दी तहरीर में कहा कि 25 मार्च को वह दिनेशपुर आने के लिए ऑटो में चढ़ी। भीतर बैठी महिलाओं को थोड़ा हटकर बैठने को कहा तो वह लोग गाली-गलौज के साथ मारपीट पर उतारू हो गईं। विजयनगर मोड़ पर उतरते समय महिलाओं सहित पांच लोगों ने उसे बुरी तरह से पीटा जिससे वह घायल हो गई। राहगीरों और आसपास के लोगों ने उसे बचाया। उसने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने नामजद तीन महिलाओं और एक पुरुष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद