रुद्रपुर। पहाड़गंज में एक दर्जन से अधिक युवकों ने दो दोस्तों पर जानलेवा हमला कर दिया। घायलों की हालत नाजुक है। पुलिस ने घायल के पिता की तहरीर पर आठ नामजद सहित 13 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
वार्ड नंबर 13 रेशमबाड़ी निवासी शफिक ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि शुक्रवार को उनका बेटा जावेद अपने दोस्त पहाड़गंज निवासी आसिफ को छोड़ने के लिए उसके घर जा रहा था। पहाड़गंज चौराहे पर विकेश उर्फ बाबा, उमेंद्र यादव उर्फ बिल्ला, कपिल शर्मा, आकाश उर्फ बांडा टेस्टर, अभय यादव, विक्की, अभय सक्सेना और नरेंद्र सहित पांच अज्ञात युवकों ने रास्ता रोककर दोनों पर तलवार, लोहे की रॉड, कापा आदि से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। एसएचओ विक्रम राठौर का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
मामूली कहासुनी में हुए विवाद में नौ लोगों पर केस दर्ज
बाजपुर। बाजपुर गांव निवासी द्वारिका प्रसाद ने बताया कि दो जून की देर शाम उसका बेटा अजय कुमार खेतों में पानी लगाकर घर लौट रहा था। घर के पास खड़े कुछ लोगों को जब उसने हटने के लिए कहा तो आरोपियों ने गाली गलौज कर दी। लोहे की रॉड और डंडों से लैस होकर घर पहुंचे आरोपियों ने अजय पर हमला कर दिया। पत्नी ने बेटे को बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसके साथ भी बदसलूकी की। उसके बेटे अजय का इलाज मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसके बेटे की हालत नाजुक बनी हुई है। कोतवाल प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर जसपाल, राजपाल, रोहित, राहुल, कुनाल, निहाल, सौरभ, अभिषेक, सतीश के खिलाफ धारा 147,148,149, 307, 323, 452, 504, 506 के तहत केस दर्ज कर जांच दोराहा पुलिस चौकी देवेंद्र राजपूत को सौंपी गई है।