काशीपुर। एक रेस्टोरेंट में अलग-अलग संप्रदाय विशेष के युगल के होने का आरोप लगाकर हंगामा हो गया। आक्रोशित भीड़ लाठी-डंडे लेकर पहुंच गई। पुलिस ने रेस्टोरेंट स्वामी की तहरीर पर पांच नामजद सहित 250-300 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
शनिवार की देर रात मानपुर रोड पर स्थित महफिल फैमली रेस्टोरेंट बंद था। उसके बाहर खड़े 10-12 लोग आरोप लगा रहे थे कि रेस्टोरेंट के अंदर एक युवक और समुदाय विशेष की युवती हैं। लोग इस बात को लेकर जोर-जोर से चिल्ला रहे थे और अपने साथियों को फोन करके मौके पर बुला रहे थे। देखते-देखते ही वहां लगभग 250-300 लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर रेस्टोरेंट का मालिक रजत वहां पहुंच गया। उसे देखते ही लोग आक्रोशित हो गए। रजत ने आक्रोशित लोगों से कहा कि रेस्टोरेंट के अंदर कोई नहीं है, लेकिन कोई नहीं माना। उसने रेस्टोरेंट खोला तो लोग अंदर घुस गए और तोड़फोड़ पर आमादा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब रेस्टोरेंट की तलाशी ली तो वहां युवक-युवती नहीं मिले। इसके बावजूद लोग हंगामा करते रहे।
रजत ने तहरीर में कहा कि रात लगभग दस बजे वह रेस्टोरेंट बंद कर घर चला गया था। उसके जाने के बाद विजय नगर नई बस्ती निवासी अजहर मलिक के अलावा नगर क्षेत्र के मोनू सिद्दीकी, अरफाज अब्बासी, नूर मोहम्मद, मोहम्मद जुनैज सहित 250-300 लोग वहां पहुंच गए। कुछ लोग गाली-गलौच कर झूठी अफवाह फैला रहे थे। वह किसी तरह वहां से निकल पाया।
विवेचक उपनिरीक्षक दीपक जोशी ने बताया कि पांच आरोपियों में से अजहर मलिक, नूर मोहम्मद और मोहम्मद जुनैद को गिरफ्तार कर लिया गया है। नामजद मोनू सिद्दीकी और अरफाज अब्बासी फरार बताए जा रहे हैं। अन्य आरोपियों की भी पहचान की जा रही है।
अराजकतत्व झूठी अफवाह फैलाकर शहर को सांप्रदायिकता की आग में झोंकना चाहते थे। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति पर नियंत्रण कर लिया और पांच नामजद आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया। - मनोज रतूड़ी, कोतवाल, काशीपुर।