रुद्रपुर कलक्ट्रेट में किसानों का धरना तीसरे दिन भी जारी।
- फोटो : संवाद
रुद्रपुर में कलक्ट्रेट के मुख्य गेट के सामने किसानों का धरना रविवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर जिले के साथ ही उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में किसान पहुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया। किसानों की भीड़ बढ़ने से प्रशासन की चिंता भी बढ़ गई है। किसानों ने साफ कहा कि जब तक जिलाधिकारी मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याएं नहीं सुनते, तब तक वे धरना स्थल से नहीं हटेंगे।
किसान यूपी की तर्ज पर बिजली बिल माफ करने, बंजर भूमि पर किसानों को मालिकाना हक देने समेत आठ सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि लंबे समय से मांगों को लेकर आवाज उठाई जा रही है, लेकिन समाधान नहीं हुआ। रविवार को किसानों ने सरकार से तत्काल मांगें पूरी करने की मांग की। उनका कहना है कि यदि सरकार आज ही उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेती है तो धरना समाप्त कर दिया जाएगा। वहीं, मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी गई है।
धरना स्थल पर पहले हुई झड़प को देखते हुए दोबारा विवाद की आशंका बनी हुई है। इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नजर बनाए हुए हैं।