हरिद्वार महाकुंभ में राष्ट्रीय प्रवक्ता को अपनी मांगों से अवगत कराते प्रदेश के पदाधिकारी। स्रोत
जसपुर। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने हरिद्वार में किसान कुंभ में उत्तराखंड के किसानों की ओर से समस्याओं को रखा। पतरामपुर में किसानों के आवास एवं दुकानें ध्वस्त करने बाजपुर के किसानों के मामले में राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने उन्हें इंसाफ दिलाए जाने का आश्वासन दिया। भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम सहोता ने बताया कि हरिद्वार में चल रहे किसान कुंभ में प्रदेश के पदाधिकारियों ने उत्तराखंड के किसानों की प्रमुख मांगों पतरामपुर गांव में आशियानों एवं दुकानों को ध्वस्त करने, बाजपुर तहसील के 20 गांव की 5738 एकड़ कृषि भूमि को बेचने एवं कर्ज लेने के प्रतिबंध के हटाने, पतरामपुर गांव में खसरा नंबर 290 से अतिक्रमण हटाने के नाम पर खसरा नंबर 287 से किसानों के आशियाने एवं दुकानें ध्वस्त करने के मामले में किसानों का पुनर्वास किए जाने, उत्तर प्रदेश की तर्ज पर उत्तराखंड के किसानों को भी ट्यूबवेल की बिजली फ्री देने, किसानों को 300 यूनिट बिजली प्रति माह फ्री देने, 60 वर्ष से अधिक आयु वाले किसानों को पांच हजार रुपए पेंशन देने, पर्वतीय क्षेत्र के किसानों को जो बॉर्डर पर रहते हैं उन्हें 10 हजार रुपए प्रति महीने पेंशन देने, नादेही चीनी मिल का आधुनिकीकरण करने, स्थाई प्रधान प्रबंधक नियुक्त करने, कालागढ़ डेम से नहर निकालकर पीली, भोगपुर, तुमरिया डैम से जोड़ने आदि समस्याओं को महाकुंभ में रखा गया।
राकेश टिकैत ने सभी मांगों को प्रदेश सरकार के समक्ष रखने की बात ही। उन्होंने बताया कि 18 जून को प्रदेश के पदाधिकारी राष्ट्रीय प्रवक्ता को अपनी मांगों को ज्ञापन भी सौंपेंगे। यहां पर अमनप्रीत सिंह, प्रदेश महामंत्री दर्शन सिंह देयोल, जागीर सिंह, शीतल सिंह, चौधरी किशन सिंह, आदि उपस्थित रहे। संवाद