काशीपुर। खेत में गए एक किसान को सांप ने डंस लिया। गंभीर हालत में इलाज के लिए हल्द्वानी ले जाते समय उनकी मौत हो गई। आईटीआई के पैगाफार्म महुआखेड़ागंज निवासी जसवंत सिंह (44) शुक्रवार शाम पांच बजे अपने खेतों में टहलने गए थे। अचानक एक सांप ने उन्हें डंस लिया। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें लेकर इलाज के लिए हल्द्वानी जा रहे थे। रास्ते में हालत और बिगड़ गई। गदरपुर के एक निजी अस्पताल में दिखाने पर डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। उसकी दो पुत्रियों की शादी हो चुकी है। इस घटना से गांव में शोक की लहर है।