महुआखेड़ा गंज। महुआखेड़ा गंज फार्म क्षेत्र के खेतों में लगी धान की फसल सूखने पर किसानों ने एक फैक्टरी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों ने बताया कि फैक्टरी से निकलने वाला प्रदूषित धुआं खेतों पर गिरने से उनकी लगभग दो एकड़ में लगी धान की फसल सूख गई जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है। किसानों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर प्रदूषण फैलाने वाली फैक्टरी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने व प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। इस दौरान किसान जसवंत सिंह, श्याम सिंह, गुरनाम सिंह, लखविंद्र सिंह, सुलेन्द्र सिंह सहित अन्य किसान मौजूद रहे। वहीं, फैक्टरी प्रबंधन के अनुसार धान की फसल धुएं से नहीं बल्कि किसी बीमारी के कारण खराब हुई है। फिलहाल फसल खराब होने के वास्तविक कारणों का पता संबंधित विभाग की जांच रिपोर्ट आने के बाद चलेगा।