रुद्रपुर। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने स्वाधीनता दिवस पर हर घर तिरंगा कार्यक्रम से जनप्रतिनिधियों और आम लोगों को जोड़ने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने 14 और 15 अगस्त को सरकारी कार्यालयों के भवन को विद्युत रोशनी से प्रकाशमान करने को कहा है। मंगलवार को जिला सभागार में स्वतंत्रता दिवस की तैयारी बैठक हुई। तय हुआ कि सरकारी, गैर सरकारी कार्यालयों में सुबह नौ बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। कलक्ट्रेट में सुबह 9:30 बजे, पुलिस लाइन में सुबह 10 बजे ध्वजारोहण होगा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, उनके परिजनो को सम्मानित किया जाएगा। कार्यालय परिसरों में स्वच्छता अभियान चलेगा और पौधरोपण होगा। बैठक में सीडीओ दिवेश शाशनी, डीएफओ यूसी तिवारी, एडीएम पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, मुख्य कोषाधिकारी डॉ. पंकज कुमार शुक्ल, नगर आयुक्त नरेश चंद्र दुर्गापाल आदि थे।