रुद्रपुर। कोरोना संक्रमण के चलते आठ साल से बदहाल पड़ी ईएसआई अस्पताल को जाने वाली सड़क की मरम्मत होना शुरू हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बढ़ते कोरोना संक्रमित मरीजों को देखते हुए ईएसआई अस्पताल में भी ऑक्सीजन बेड व खाली बेडों की व्यवस्था की गई है। मेडिकल कॉलेज व जिला अस्पताल में बेड फुल हो जाने के बाद मरीजों का इलाज ईएसआई अस्पताल में भी किया जाएगा। इससे पहले जिला प्रशासन की ओर से आठ साल से बदहाल पड़ी सड़क की मरम्मत कराई जा रही है। इससे मरीजों व उनके तीमारदारों को अस्पताल में जाने के लिए कोई परेशानी नहीं होगी। वार्ड नंबर-6 स्थित ईएसआई अस्पताल को जाने वाली सड़क पर न्यू शक्ति विहार कॉलोनी व वसुंधरा कॉलोनी भी पड़ती है। सड़क की मरम्मत होने के बाद दोनों कॉलोनियों में रहने वाले 1500 परिवारों को भी सड़क में आने जाने में सहूलियत मिलेगी। लोनिवि के इंजीनियर मनोज दास ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश के बाद सड़क की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। मरम्मत में लगभग ढाई से लीन लाख रुपये खर्च आएगा।