रुद्रपुर। पहली मई को जिले के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व माध्यमिक स्कूलों में प्रवेशोत्सव मनाया गया। इसमें कक्षाओं में बच्चों का नव प्रवेश कराया गया। साथ ही बच्चों और उनके अभिभावकों को सम्मानित भी किया गया। स्कूलों में सामूहिक मध्याह्न भोजन भी किया गया। इस दौरान अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण निदेशक वंदना गर्ब्याल राजकीय बालिका इंटर कालेज किच्छा में उपस्थित रहीं।
प्रतिवर्ष प्रवेशोत्सव कार्यक्रम अप्रैल माह में आयोजित होता था पर इस वर्ष लोकसभा चुनाव होने के चलते इसे एक मई कर दिया गया। इसके लिए सभी विद्यालय के शिक्षकों ने अपने क्षेत्र में ऐसे बच्चों को चिह्नित किया जो अगली कक्षा में प्रवेश लेने वाले थे। स्कूल में ऐसे बच्चों व उनके अभिभावकों का सम्मानित किया गया। विद्यालय में छात्रों को पुस्तकें भी वितरित की गई। प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में सभी अधिकारियों की ब्लाकवार ड्यूटी लगाई थी। इसमें मुख्य शिक्षा अधिकारी माध्यमिक दिलेर सिंह राजपूत ने प्राथमिक विद्यालय जगदीशपुर में 33 एवं उच्च प्राथमिक में 60, राजकीय प्राथमिक विद्यालय बाजपुर में 21 और जीआईससी बाजपुर में 194 प्रवेश कराए। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक हरेंद्र कुमार मिश्र ने जसपुर के खेड़ा द्वितीय में 31 प्रवेश कराए। डायट प्रवक्ता डा. हरीश चंद्र शुक्ल ने खटीमा के जीआईसी सैजना एवं प्राथमिक विद्यालय सैजना में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम कराया। जीआईसी सैजना में 40 एवं प्राथमिक विद्यालय में दो छात्राओं का नामांकन किया गया। प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में नव प्रवेशी छात्रों का टीका, चंदन, माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। साथ ही छात्रों को किताबें व कलम भेंट की गईं। संवाद
काशीपुर में शिक्षा महानिदेशक ने किया प्रवेशोत्सव का शुभारंभ
काशीपुर। नए शिक्षा सत्र का आगाज सभी स्कूलों में प्रवेशोत्सव के साथ किया गया। राज्य के शिक्षा महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने जीजीआईसी काशीपुर में प्रवेशोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने बच्चों को शिक्षा का महत्व बताते हुए उनसे कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। कहा कि मेहनत का कोई शॉर्टकट नहीं होता। बच्चों को मोबाइल फोन के सकारात्मक प्रयोग करने की सलाह देते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ेंगे तो सफलता अवश्य मिलेगी। इस दौरान 33 बच्चों ने नए सत्र में प्रवेश लिया।
बुधवार को जीजीआईसी में डीईओ प्रारंभिक हरेंद्र मिश्रा, बीईओ धीरेंद्र साहू, प्रधानाचार्य गीता जायसवाल ने मां सरस्वती के सम्मुख दीप जलाकर कर शुभारंभ किया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत, जूड़ो कराटे, योगा की प्रस्तुति दी। विज्ञान, आर्ट एंड क्राफ्ट व गृह विज्ञान की प्रदर्शनी भी लगाई गई। शिक्षा महानिदेशक तिवारी ने विद्यालय का निरीक्षण किया। आभा पाठक ने मंच का संचालन किया। यशोदा, दीपा विश्नोई, भावना अग्रवाल तथा समिति द्वारा 33 एडमिशन पहले दिन किए गए। वहीं छात्राओं को बैग व किताबों का वितरण किया गया। बोर्ड परीक्षा में 22 वीं रैंक प्राप्त करने वाली छात्रा सिमरन समेत अन्य छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहां बीआरसी अनिल सिंह, डायट प्राचार्य राजेंद्र सिंह आदि थे। प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी धीरेंद्र कुमार साहू ने बताया कि प्राथमिक स्तर पर कुल 425, माध्यमिक स्तर पर 1073 तथा माध्यमिक स्तर के स्कूलों में 390 बच्चों ने दाखिले के लिए नामांकन कराया।
धूमधाम से मनाया प्रवेशोत्सव
जसपुर/ बाजपुर। प्राथमिक विद्यालय सरबरखेड़ा द्वितीय में प्रवेश उत्सव धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि डीईओ प्रारंभिक हरेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा की सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलती है। बच्चों को पाठ्य सामग्री वितरित की गई। यहां पर प्रधानाध्यापक एन सिंह, मोहम्मद इरफान, सुमन लता आदि थे।
बाजपुर के गांव बरहैनी स्थित आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज में प्रवेश उत्सव पर बुधवार को जन जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को प्रधानाचार्य महेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विद्यालय में 100 से अधिक नवीन छात्राओं का प्रवेश कराया गया। वहां राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षक धर्मेंद्र सिंह बसेड़ा, चंद्रप्रकाश गौतम, अमित अग्रवाल, सुनील सक्सैना, विशाल कुमार आदि थे। सुल्तानपुर पट्टी में भी प्रवेशोत्सव मनाया गया।
जीजीआईसी में अभिभावकों का किया अभिनंदन
पंतनगर/ दिनेशपुर। आदर्श राजकीय बालिका इंटर काॅलेज में प्रवेशोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर नव प्रवेशित छात्राओं के अभिभावकों का स्वागत व अभिनंदन प्रधानाचार्य शाइस्ता जमाल अंसारी ने किया। छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। यहां विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष अंगद सिंह, संरक्षक शिवानंद पांडेय आदि थे। दिनेशपुर के जीजीआईसी में प्रवेशोत्सव पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। नवप्रवेशित छात्राओं को पुस्तक और बैग वितरित किए गए। प्रधानाचार्य सुनीता कश्यप, पूनम कुशवाहा, हंसी जोशी आदि मौजूद रहे।
मेधा का हुआ सम्मान
शान्तिपुरी/ सितारगंज/ गदरपुर। राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शांतिपुरी में प्रवेशोत्सव मनाया गया। कॉलेज संरक्षक डॉ. गणेश उपाध्याय, प्रधानाचार्य बृजेश गुप्ता ने दीप प्रज्वलित किया। डॉ. उपाध्याय एवं अभिभावकों ने विद्यालय का परीक्षाफल 100 फीसदी होने पर विद्यालय की शिक्षिकाओं एवं उत्तीर्ण छात्राओं को बधाई दी। डॉ. उपाध्याय ने 90 फीसदी अंक पाने वाली छात्रा मीनाक्षी जोशी को 10 हजार रुपये देने की घोषणा की। वहां केदारनाथ जोशी, एसएमसी के अध्यक्ष खीमानंद जोशी आदि थे।
सितारगंज के प्राथमिक विद्यालय चिंतिमझरा में समाजसेवी महेश मित्तल ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाली कक्षा चार की छात्रा सोनी को सम्मानित किया। वहां पर प्रधानाचार्य रेखा चौहान, इंदु बाला यादव, संगीता आर्य आदि थे। गदरपुर में जीजीआईसी में प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया। बालिकाओं को निशुल्क पाठ्य सामग्री प्रदान की गई। हाईस्कूल, इंटर में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाली सात छात्राओं की माताओं को स्वर्गीय कमला नेहरू पुरस्कार के रूप में एक हजार रुपये की धनराशि का चेक दिया गया। वहां प्रधानाचार्या रश्मि आर्या व अभिभावक संघ की अध्यक्ष नादरा, निधि पनेरू, नंदिनी शर्मा, कुसुम लता, माया भोज आदि मौजूद रहे। संवाद