गदरपुर। उच्च न्यायालय नैनीताल और डीएम ऊधमसिंह नगर के निर्देशों के अनुपालन में लोनिवि की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को लोगों ने स्वयं हटा दिया। राजस्व विभाग ने महतोष चौकी के पास स्थित साहबजादे चौक पर लोनिवि की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को कुछ दिन पहले चिह्नित किया था। कार्रवाई के दिन अतिक्रमणकर्ताओं ने विरोध जताया था, जिसके बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच वार्ता हुई थी। वार्ता के दौरान अतिक्रमणकारियों ने स्वयं ही अतिक्रमण हटाने के लिए चार दिन का समय देने का अनुरोध एडीएम ऋचा सिंह से किया था। प्रशासन से समय लिए जाने के बाद अतिक्रमणकर्ताओं ने स्वयं ही चिह्नित स्थान से अतिक्रमण हटा लिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।