रुद्रपुर। सहकारिता विभाग की बहुद्देश्यीय प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों के चुनाव के लिए जिला सहायक निबंधक ने निर्वाचन सेल का गठन किया है। अध्यक्ष समेत छह सदस्यीय सेल को सहकारी निर्वाचन को संपन्न कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
ऊधमसिंह नगर में करीब 35 समितियां हैं। इन समितियों का जुलाई 2023 में कार्यकाल खत्म हो गया था। तब से बोर्ड भंग चल रहा है। सहकारिता विभाग की ओर से एक अगस्त 2023 से सभी पदों पर प्रशासक नियुक्त कर दिए गए थे। जिले में अब 21 नवंबर तक इन सभी समितियों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व अन्य समितियों को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों का चुनाव होना है।
इससे पहले हर समिति में 11 संचालक चुने जाएंगे। सहकारी समितियों में अध्यक्ष समेत निदेशकों के चुनाव के लिए जिला सहायक निबंधक सुमन कुमार ने निर्वाचन सेल का गठन किया है। एआर कुमार ने बताया कि अपर जिला सहकारी अधिकारी नवल शर्मा अध्यक्ष के अलावा वैयक्तिक सहायक केएन पांडेय, सहकारी निरीक्षक विजेंद्र सिंह राणा, मुख्य सहायक गोविंद प्रसाद, एडीओ रुचि शुक्ला व राजकीय पर्यवेक्षक अजित कुमार को सदस्य नामित किया है।