डीएम के निर्देश पर किच्छा सहित आसपास के क्षेत्रों में जमीन की हो रही तलाश
रुद्रपुर। नगर निगम सहित आसपास के निकायों में एकत्र होने वाले कूड़े का निस्तारण एक जगह करने की कवायद हो रही है। डीएम के निर्देश पर करीब दस एकड़ जमीन चिह्नित की जा रही है और यहां इंटीग्रेटेड कूड़ा निस्तारण प्लांट बनाने की योजना है। डीएम और निवर्तमान मेयर के प्रयासों से दशकों पुराने कूड़े का पहाड़ खत्म होने की ओर है। रुद्रपुर के 40 वार्डों से रोजाना 100 से 120 टन कूड़ा एकत्र होता है। इसी तरह नगर पंचायत लालपुर, नगर पालिका नगला और किच्छा से भी बड़ी मात्रा रोजाना कूड़ा एकत्र होता है। अब कूड़े को बड़े स्तर पर एक ही जगह पर वैज्ञानिक निस्तारण करने की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि किच्छा सहित आसपास के क्षेत्रों में दस एकड़ जमीन की तलाश की जा रही है। एक जगह पर पांच एकत्र जमीन मिल भी चुकी है।
डीएम उदयराज सिंह ने बताया कि रुद्रपुर और आसपास के निकायों का कूड़ा एक जगह वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित करने के लिए बड़े स्तर पर इंटीग्रेटेड प्लांट बनाने की योजना है। इन निकायों से कूड़ा प्लांट में लाकर निस्तारित किया जाएगा। इसके लिए जमीन की तलाश हो रही है।