काशीपुर के प्रभु विहार कॉलोनी में गेबिया नाला के पास से गायब खड़ंजा। संवाद
काशीपुर। लगभग दो साल पहले डाला गया खड़ंजा उखड़ने के बाद निगम ठेकेदार की ओर से दोबारा डालने पर लगभग 10 फीट से अधिक खड़ंजा गायब कर दिया। ऐसे में कॉलोनीवासियों का आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मानपुर रोड स्थित प्रभु विहार कॉलोनी वार्ड नंबर 39 में गेबिया नाला के पास गौरव शर्मा के मकान से सोनी शर्मा के मकान तक सितंबर 2021 में सात लाख 94 हजार 610 की लागत से खड़जा निर्माण कार्य किया गया था। जिसे 15 वां वित्त आयोग से वर्ष 2000-21 में मिली राशि से बनाया था। बीते लगभग 5-6 महीने पहले बारिश के दौरान गेबिया नाला उफान पर आने से काफी खड़जा बह गया था। परेशानी होने पर क्षेत्रवासियों ने वार्ड पार्षद व निगम प्रशासन से शिकायत दर्ज कराई। तब जाकर लगभग एक महीना पहले संबंधित ठेकेदार ने बारिश के पानी में बहे खड़जा को उखाड़ कर दोबारा बनाया। आरोप है कि इस दौरान गेबिया नाला पुलिया से गौरव शर्मा के घर तक लगभग दस फीट खड़जा की ईंट ही गायब कर दी गई।
उधर नगर आयुक्त विवेक राय ने बताया कि मामले को संज्ञान में लेकर विभाग के लोनिवि जेई को जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जानकारी जुटाई जा रही है कि खड़ंजा आखिर किन कारणों से नहीं लगाया और खड़जा कहां गया, इसकी भी जांच कराई जा रही है।