पंतनगर के तराई क्षेत्र में सोमवार को दिन भर बादल छाए रहे। जिसके चलते पंंतनगर एयरपोर्ट में दृश्यता बहुत कम रही। लो विजिबिलिटी के चलते इंडिगो एयरलाइंस की दिल्ली–पंतनगर के बीच संचालित दोनों उड़ानें रद्द कर दी गईं। जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
विमानों की सुरक्षित लैंडिंग के लिए न्यूनतम 800 मीटर रनवे विजुअल रेंज (आरवीआर) की आवश्यकता होती है लेकिन सोमवार को पंतनगर एयरपोर्ट पर दृश्यता मात्र 500 मीटर ही थी। निर्धारित मानकों से कम दृश्यता होने के कारण विमान को उतारना संभव नहीं था। इसलिए इंडिगो की पहली उड़ान संख्या 6ई-7324, जो दोपहर 1:05 बजे पंतनगर पहुंचती है और दूसरी उड़ान संख्या 6ई-7156, जो शाम 4:15 बजे पहुंचती, दोनों को रद्द कर दिया गया। इन उड़ानों में दिल्ली से पंतनगर आने वाले यात्रियों की संख्या 61 व 66, जबकि पंंतनगर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या 59 व 63 थी। जिन्हें उड़ान रद्द होने से निराश होना पड़ा।
पंंतनगर एयरपोर्ट के निदेशक पवन कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए लो विजिबिलिटी के चलते उड़ानों के संचालन की अनुमति नहीं दी गई। उड़ानें रद्द होने के बाद एयरलाइंस प्रबंधन की ओर से यात्रियों को पूर्ण किराया वापसी अथवा सड़क मार्ग से गंतव्य तक पहुंचाने का विकल्प दिया गया। वहीं अचानक उड़ानें रद्द होने से यात्रियों में खासा असंतोष रहा। कई यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा, जबकि कुछ को अपनी यात्रा योजनाएं बदलनी पड़ीं।