कृषि सचिव के शासनादेश के बाद विवि प्रशासन ने की कार्रवाई
सुरेंद्र कुमार वर्मा
पंतनगर। जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति की संस्तुति पर कुलसचिव पद का अतिरिक्त प्रभार अधिष्ठाता स्नातकोत्तर डाॅ. केपी रावरेकर और प्रजनक बीज उत्पादन केंद्र (बीएसपीसी) के संयुक्त निदेशक पद का अतिरिक्त प्रभार डाॅ. संजय कुमार को सौंपा गया है। इस आशय के आदेश पर सक्षम अधिकारी के हस्ताक्षर हो चुके हें, लेकिन उन्हें अभी संबंधित अधिकारियों को हस्तांतरित नहीं किया गया है।
कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग के सचिव दीपेंद्र कुमार चौधरी ने मंगलवार को शासनादेश जारी कर जीबी पंत कृषि विवि और भरसार विवि में आईसीएआर की परियोजनाओं और केवीके आदि में कार्यरत कर्मियों और शिक्षकों को कक्षागत शिक्षक नहीं मानते हुए 65 वर्ष पर सेवानिवृत्ति की अधिवर्षता आयु और सत्रांत लाभ नहीं देने के आदेश दिए थे। इसमें कहा गया था कि ऐसे कार्मिक जिन पर ऑडिट ने आपत्तियां दर्ज की हैं और वह सेवानिवृत्त हो चुके हैं, उन्हें 60 वर्ष की अधिवर्षता आयु के आधार पर अग्रिम आदेशों तक अंतरिम पेंशन दी जाएगी। परियोजना कर्मी शिक्षक की परिभाषा से आच्छादित नहीं होते हैं और परियोजनाओं के पदों की स्वीकृति परियोजना के बने रहने तक के लिए प्रदान की जाती है। ऐसे कार्मिकों की अधिवर्षता आयु 65 वर्ष निर्धारित किया जाना नियम संगत नहीं है। ऐसे कार्मिक जो उपरोक्त शिक्षक की परिभाषा से परिभाषित नहीं होते है और उनकी अधिवर्षता आयु 60 वर्ष से अधिक हो गई हो, उन्हें तत्काल सेवानिवृत्त कर दिया जाए। इसी आदेश के तहत परियोजनाओं में नियुक्त और 60 वर्ष की अधिवर्षता आयु पूरी कर चुके वर्तमान में कुलसचिव डाॅ. दीपा विनय और बीएसपीसी के संयुक्त निदेशक से उनका कार्यभार लेकर क्रमशः डाॅ. रावरेकर और डाॅ. संजय कुमार को सौंपा गया है। संवाद
इन्सेट:
कुलपति की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया निर्णय
पंतनगर। शासनादेश विवि में पहुंचने के बाद कुलपति डाॅ. मनमोहन सिंह चौहान की अध्यक्षता में विवि प्रबंध समिति की बैठक आहूत की गई। जिसमें डाॅ. चौहान ने समिति के सदस्यों को कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग के शासनादेश से अवगत कराया गया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शासनादेश को विवि में तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए। वहां पर निदेशक प्रशासन आरडी पालीवाल, डीन वेटरिनरी डाॅ. एसपी सिंह, डीन सीबीएसएच डाॅ. संदीप अरोड़ा, डीन सीएबीएम डाॅ आरएस जादौन, एडीएसडब्ल्यू डाॅ. बीएन शाही, निदेशक शोध डाॅ. एएस नैन आदि थे। संवाद
इन्सेट में
पूटा ने की शासनादेश की पुरजोर निंदा, आमसभा 11 को
पंतनगर। शासनादेश आने के बाद बुधवार को पंतनगर यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (पूटा) की आपात बैठक बुलाई गई, जिसमें कार्यकारिणी ने शासनादेश की पुरजोर निंदा की। पूटा अध्यक्ष डाॅ. रोहिताश्व सिंह ने कहा कि यह आदेश विवि के छात्रों और शिक्षकों सहित शिक्षण, शोध व प्रसार कार्यों के हित में बिल्कुल नहीं है। बताया कि इस संबंध में 11 जुलाई को कृषि महाविद्यालय सभागार में दोपहर 3:30 बजे पूटा की आमसभा बुलाई गई है।