- पिछले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए विशेष रूप से बुलाए गए थे त्रिपाठी
रुद्रपुर। ठेकेदार से घूस लेते पकड़े गए जिला पंचायती राज अधिकारी रमेश चंद्र त्रिपाठी की तीसरी बार ऊधम सिंह नगर जिले में तैनाती हुई थी। बताया जाता है कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को संपन्न कराने के उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें जिले में विशेष रूप से बुलाया गया था। जिले में पिछले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
ऊधम सिंह नगर में पिछले चुनाव संपन्न करवाने के कुछ समय बाद उनका हरिद्वार तबादला कर दिया गया था। इसके कुछ समय बाद उनका फिर से ऊधम सिंह नगर के जिला पंचायत राज अधिकारी के पद पर तबादला हो गया। सूत्रों के अनुसार ठेकेदार से बिल पास कराने के एवज में घूस मांगने से पहले भी त्रिपाठी के खिलाफ कुछ शिकायतें थीं। ठेकेदार ने पिछले दिनों नगर निगम कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सीएम से शिकायत करने की कोशिश की थी, लेकिन उसकी मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं हो सकी।
तराई में विजिलेंस कई बार ट्रैप कर चुकी है घूसखोर
रुद्रपुर। तराई में घूसखोरी में पहली बार अधिकारी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे पहले भी विजिलेंस ने अधिकारियों और कर्मचारियों को घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। हाल ही में सीएमओ कार्यालय में तैनात एसीएमओ को विजिलेंस ने घूस लेते रंगे हाथों पकड़ा था।
-
अब तक आए केस
केस - 1
जनवरी 2020 में झनकईयां थाने में तैनात सिपाही कुशल कन्याल को विजिलेंस की टीम ने 20,000 रुपये की घूस लेते हुए ट्रैप किया था। मकान में हो रहे विवाद को निपटाने के लिए सिपाही ने घूस मांगी थी।
केस - 2
10 अगस्त 2022 को चकबंदी कार्यालय में तैनात पेशकार आनंद चंद्र को विजिलेंस की टीम ने तीन हजार की घूस लेते हुए पकड़ा था। पेशकार ने भूमि की दाखिल खारिज कराने के एवज में रिश्वत मांगी थी।
केस - 3
दो जून 2022 को विजिलेंस ने नगर पंचायत कार्यालय सुल्तानपुर पट्टी के हेड क्लर्क देवनाथ मिश्रा को 26,000 रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा। आरोपी ठेकेदार से बिल पास कराने के एवज में रिश्वत मांग रहा था।
केस - 4
24 जनवरी 2023 को किच्छा तहसील में तैनात कानूनगो धनेश कुमार को विजिलेंस ने पांच हजार की घूस लेते हुए पकड़ा था। कानूनगो ने कृषि भूमि को शिकायतकर्ता के नाम कराने के एवज में रिश्वत मांगी थी
-
केस - 5
23 मार्च 2023 को गदरपुर के गिरधरपुर गांव की प्रधान कविता गुंबर को विजिलेंस टीम ने 6,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा था। प्रधान ने फाइल में हस्ताक्षर करने के नाम पर रिश्वत मांगी थी।
-
केस - 6
आठ मई 2023 को विजिलेंस ने सीएमओ कार्यालय में 16,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए चिकित्सा लेखाकार अनिल जोशी और एसीएमओ डॉ. तपन शर्मा को रिश्वत मांगते हुए गिरफ्तार किया था। आरोपी नुक्कड़ नाटक का बिल पास कराने के नाम पर रिश्वत मांगी थी। संवाद
-
लोगों को लगा झगड़ा हो रहा है
रुद्रपुर। बृहस्पतिवार शाम नैनीताल रोड स्थित मेट्रोपोलिस मॉल की पार्किंग से विजिलेंस टीम ने जिला पंचायतीराज अधिकारी रमेश चंद्र त्रिपाठी को एक ठेकेदार से एक लाख रुपये की घूस लेते पकड़ा। जब विजिलेंस ने रमेश को दबोचा तो लोगों को झगड़ा होने की बात लगी। रमेश टीम के साथ जाने में आनाकानी कर रहे थे। सादी वर्दी में टीम के लोगों ने रमेश को घसीटते हुए कार में डाला तो लोगों को विजिलेंस टीम के होने की जानकारी मिली। इस घटना से मॉल परिसर में अफरातफरी मच गई। इसके बाद टीम उन्हें हल्द्वानी ले गई। संवाद