रुद्रपुर। प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ से जुड़े चिकित्सक 11 अप्रैल को लंबित मांगों के निस्तारण के लिए स्वास्थ्य महानिदेशालय देहरादून में सांकेतिक प्रदर्शन करेंगे। संगठन के शाखा सचिव डाॅ. राजेश आर्य ने बताया कि संघ एसडीएसीपी योजना को समयबद्ध तरीके से लागू करने, सुगम-दुर्गम क्षेत्र निर्धारण को पुनः व्यावहारिक रूप से निर्धारित करने, पहाड़ी क्षेत्रों में सेवा दे रहे विशेषज्ञ डॉक्टरों को मेडिकल कॉलजों की तर्ज पर 50 प्रतिशत अतिरिक्त वेतन प्रदान करने की मांग कर रहा है। तीनों प्रमुख मांगों को पूरा करने की दिशा में कदम नहीं उठाया जा रहा है। सरकार और विभाग की उदासीनता से चिकित्सकों में आक्रोश व्याप्त है। कहा कि 11 अप्रैल के विरोध प्रदर्शन के बाद भी सरकार और विभाग सकारात्मक पहल नहीं करता है तो प्रांतीय नेतृत्व ने आंदोलन को और व्यापक स्तर पर ले जाने का एलान किया है। बताया कि देहरादून में होने वाले प्रदर्शन में बड़ी संख्या में जिले के चिकित्सक भागेदारी करेंगे।