रुद्रपुर। जिले में रविवार को कोरोना संक्रमित 13 लोग स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो गए। इनमें शनिवार को बच्ची को जन्म देने वाली कोरोना पॉजिटिव महिला भी शामिल है। महिला व नवजात दोनों ही स्वस्थ हैं। जिले में अब तक 234 कोरोना संक्रमित लोग स्वस्थ हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद 14 दिन पहले आइसोलेट किए गए 13 लोगों को स्वस्थ्य होने के बाद डिस्चार्ज किया। इनमें छह लोग खटीमा, पांच काशीपुर और दो रुद्रपुर के लोग शामिल हैं। डेडिकेटेड कोरोना सेंटर के आइसोलेशन प्रभारी डॉ. गौरव अग्रवाल ने बताया कि शनिवार को जिला अस्पताल में बच्ची को जन्म देने वाली कोरोना पॉजिटिव महिला स्वस्थ हो गई है। महिला को बच्ची समेत आइसोलेशन से डिस्चार्ज कर दिया गया है। काशीपुर निवासी यह महिला दिल्ली से लौटी थी। महिला के साथ ही खटीमा, काशीपुर और रुद्रपुर के 12 अन्य लोगों को भी डिस्चार्ज किया गया है। उन्होंने कहा जिले में कोरोना पॉजिटिव लोग लगातार आइसोलेशन वार्ड में डॉक्टरों के ऑब्जर्वेशन में लगातार स्वस्थ हो रहे हैं। अब तक कुल 234 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।