काशीपुर। 27 सूत्री मांगों के लिए डिप्लोमा इंजीनियरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। अभियंताओं ने सिंचाई खंड कार्यालय पर धरना देते हुए नारेबाजी की। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ काशीपुर के शाखा सचिव हिमांशु पंत की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अभियंता इस हड़ताल में शामिल हुए। महासंघ की प्रमुख मांगों में पात्रता के अनुसार वेतन विसंगति दूर करना और तीन पदोन्नति प्रदान करना शामिल है। अभियंताओं को दो करोड़ रुपये तक सामूहिक दुर्घटना बीमा का लाभ देने और पूर्व की भांति स्थानांतरण नीति लागू करने की भी मांग की जा रही है। वहां केशव सिंह, गौरव पाठक, मनमोहन सिंह ऐरी, ज्योति रावत, राजेश भट्ट, राजन पंत, नरेंद्र सिंह रावत, किशोर पटवाल आदि थे।