ग्राम कचनाल गाजी में ढेला से खेतों का कटाव। संवाद
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। ढेला नदी रुख रहमत नगर और मधुवन नगर कालोनियों की ओर हो गया है। लोग बाढ़ के खतरे से सहमे हैं।
ढेला नदी पौड़ी गढवाल के ढेला गांव से निकलती है। नदी के पानी से तुमड़िया डैम को भरा जा रहा है। तीन दिन पहले नदी में छह हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इससे कचनाल गाजी में कई किसानों के खेतों में कटाव होने लगा है। पूर्व पार्षद अब्दुल कादिर ने बताया कि नदी में सामान्य से अधिक पानी आने से ही नदी का रुख ढेला बस्ती, रहमत नगर कालोनी, मधुवन नगर, नागेश्वर मंदिर की ओर हो गया है। बाढ़ आने पर इन बस्तियों और मंदिर को खतरा है।
कचनाल गाजी के पूर्व प्रधान महेंद्र सिंह ने बताया कि तीन पहले ढेला में सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक पानी आया है। इससे कचनाल गाजी में कई किसानों के खेतों में कटाव हो रहा है। ग्राम कचनाल गाजी निवासी किसान नरेंद्र सिंह ने तहसीलदार को ज्ञापन देकर कहा है कि उनकी सात एकड़ कृषि भूमि ढेला नदी के किनारे है। नदी के कटाव से काफी भूमि बह गई है। उन्होंने भू कटाव रोकने की मांग की है।
सिंचाई विभाग के एसडीओ दीपक शर्मा ने बताया कि ढेला नदी में बाढ़ नहीं आने से तुमड़िया डैम भरने के लिए ग्राम कचनाल गाजी निवासी किसान नरेंद्र सिंह ने तहसीलदार को प्रार्थना पत्र देकर भू कटाव रोकने के लिए पिचिंग कराने की मांग की है।