रुद्रपुर सीईओ कार्यालय में धरना देते कर्मचारी। संवाद
रुद्रपुर। पिथौरागढ़ व अल्मोडा में शिक्षाधिकारियों के साथ हुए दुर्व्यवहार को लेकर शिक्षा कर्मियों में उबाल है। एजुकेशनल मिनिस्टीरियल आफिसर्स एसोसिएशन ने धरना देकर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
शनिवार को मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरनास्थल पर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विरेंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि पिथौरागढ़ में विभागीय अधिकारियों व लिपिक कर्मियों के साथ अभद्रता की गई। साथ ही अल्मोडा में अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार कर एससीएसटी का केस दर्ज कराने की धमकी दी गई। ऐसे में दबाव के चलते अधिकारी-कर्मचारी सही काम भी नहीं कर पा रहे हैं। वक्ताओं ने मांग की कि दोषियों के खिलाफ शासन जल्द कार्रवाई करे।
एसोसिएशन के सचिव सुनील भंडारी ने कहा कि इस तरह की घटना बताती है कि कुछ लोगों की हिम्मत कितनी बढ़ी हुई है कि वे अधिकारी-कर्मचारी के साथ अभद्रता कर रहे हैं। इस मामले में शासन को जल्द कार्रवाई करे अन्यथा एसोसिएशन बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगा। धरने पर राजेश बलूनी, हरजीत सिंह, रविशंकर, मंगल सिंह, सुरेश सिंह, प्रमोद पांडेय, मीना आर्या, देवकी बिष्ट आदि मौजूद रहे। संवाद