रुद्रपुर में मंडलायुक्त/अध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) दीपक रावत की अध्यक्षता में विकास का खाका तैयार किया गया। इसमें 24 प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए प्राधिकरण में वर्ष 2025-26 के लिए प्रस्तावित राजस्व आय 34.98 करोड़ और पूंजीगत आय 55 करोड़ की मंजूरी दी गई। शेष 25 प्रस्तावों को शासन के मार्गदर्शन, नियोजन विभाग की रिपोर्ट और संयुक्त सर्वे कराने के बाद अगली बोर्ड की बैठक में रखने के निर्देश दिए गए।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट के एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक में काशीपुर में बहुमंजिला कार पार्किंग के चौथे तल और सितारगंज में पार्क और पार्किंग के व्यावसायिक भवन की छत पर डिजिटल पुस्तकालय निर्माण आदि प्रस्तावों की स्वीकृति प्रदान की गई। इसके साथ ही प्राधिकरण क्षेत्र में पहले 50 वर्ग मीटर से कम जगह में व्यावसायिक दुकानें आवंटित की गईं थीं, जिनके नक्शे प्राधिकरण से पास नहीं हो पा रहे थे। बोर्ड की बैठक में मानक में शिथिलीकरण करते हुए व्यावसायिक दुकानों को 40 वर्ग मीटर में प्राधिकरण में नक्शे पास करने की स्वीकृति दी गई।
मंडलायुक्त रावत ने कहा कि जनपद में बिना लेआउट नक्शा पास के अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं। इनमें ड्रेनेज, पार्क, चौड़ी सड़कें, एसटीपी जैसी जनसुविधाएं नहीं दी जा रही हैं। इससे खरीदार अपने को ठगा हुआ महसूस करता है। जिला प्रशासन और जिला विकास प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनियों पर प्रवर्तन की कार्रवाई की है जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियों पर प्रवर्तन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। जिन प्रस्तावों में सभी मानक पूर्ण किए गए थे बैठक में उन्हें स्वीकृति दी गई। शेष प्रस्तावों को मानक पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन ने रुद्रपुर महायोजना रिंग रोड की वास्तविक स्थिति देखते हुए जोनिंग कराने का अनुरोध किया। इस पर मंडलायुक्त ने सर्वे कराकर प्रस्ताव प्रस्तुत करने के लिए कहा। उपाध्यक्ष ने कहा कि मास्टर प्लॉन के बाहर खाली भूमि पर अनियोजित विकास हो रहा है। उन्होंने इसके रोकने का सुझाव दिया। इस पर मंडलायुक्त ने शासन को पत्र लिखने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएम नितिन सिंह भदौरिया, सचिव प्रधिकरण पंकज उपाध्याय, सीडीओ डॉ. पंकज कुमार शुक्ल, नगर आयुक्त नरेश चंद्र दुर्गापाल, अधीक्षण अभियंता जल निगम वीके जोशी, सहायक नगर आयुक्त काशीपुर कमल सिंह मेहता, पार्षद नगर निगम काशीपुर बीना नेगी, विजय कुमार, अवर अभियंता नियोजन आरएल भारती आदि मौजूद रहे।