ग्राम लालपुर में पेयजल की आपूर्ति के लिए प्रदर्शन करते ग्रामीण। स्रोत ग्रामीण
काशीपुर। गढ़ीनेगी कुंडा क्षेत्र के ग्राम लालपुर के ग्रामीणों ने बुधवार को पेयजल की समुचित आपूर्ति की मांग को लेकर गांव में पेयजल टैंक के पास ही प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण पेयजल आपूर्ति बाधित है। भीषण गर्मी के इस सीजन में लोगों की समस्या को देखते हुए समस्या का निराकरण कराया जाना चाहिए। बुधवार की दोपहर ग्राम लालपुर के निवासियों ने प्रदर्शन करते हुए पानी की मांग उठाई। इस दौरान विक्रांत चौधरी, अनुराग शर्मा, राकेश कुमार, हिमांशु शर्मा, उमेश शर्मा, रामरतन, पाल सिंह और अन्य ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि उनके गांव की पानी की टंकी से पहले आसपास के कई गांवों के लोगों को पेयजल की आपूर्ति की जाती थी लेकिन अब केवल एक गांव को भी पानी नहीं मिल पा रहा है। इसकी वजह है कि अधिकारियों ने गांव में पहुंचकर कभी समस्याओं को जानने का प्रयास ही नहीं किया। ग्रामीणों ने गर्मी के इस भीषण सीजन में पेयजल की आपूर्ति नियमित करने की मांग उठाई है। किसान नेता अरुण शर्मा ने भी पेयजल की आपूर्ति सामान्य बनाने की मांग की है। संवाद