खटीमा में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते कांग्रेस कार्यकर्ता।
खटीमा। खटीमा के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में ओवरलोडेड वाहनों और अवैध खनन को बंद करने की मांग को लेकर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम रवींद्र बिष्ट को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि खटीमा क्षेत्र में रात-दिन हो रहे अवैध खनन से जनता परेशान है। ओवरलोडेड वाहनों से सड़कें खस्ताहाल हो गई हैं। जिस कारण सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि अवैध खनन बंद की मांग करने को लेकर ग्रामीणों के धरने को विधायक भुवन कापड़ी ने समर्थन दिया था, लेकिन प्रशासन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने कहा कि मंगलवार को चकरपुर क्षेत्र के नौगवांनाथ गांव में ओवरलोडेड डंपर की चपेट में आने से एक महिला की मृत्यु हो गई थी, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना से क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। उन्होंने कामन नदी व खटीमा क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन को बंद करने और ओवरलोडेड वाहनों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। वहां पर यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नरेंद्र आर्या, उमेश राठौर, प्रदीप कुमार,नीरज कन्याल, मान सिंह, मनोज बसेड़ा, सतपाल राणा, संतोष चंद, करन सिंह, विजय चंद आदि थे।