खटीमा। झनकईया मेले को चलाने की अनुमति की अवधि शुक्रवार शाम पूरी हो गई, लेकिन मेले में भीड़-भाड़ को देखते हुए मेला कमेटी ने मेले को दो दिन और बढ़ाने की मांग की है। शिव मंदिर मेला कमेटी झनकईया दमगड़ा के अध्यक्ष पूरन सिंह धामी ने कहा कि 14 से 22 नवंबर तक मेला चलाने की अनुमति मिली थी, लेकिन मेले में अभी भी काफी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। खासकर मेले में बच्चे विभिन्न झूलों के अलावा सर्कस, मौत का कुआं, मिक्की माउस, नाव वाला झूला आदि आनंद उठा रहे हैं। धामी ने बताया कि प्रशासन से मौखिक रूप से मेले को दो दिन और बढ़ाने की अनुमति देने की मांग की है।