बाजपुर कोतवाली में एसएसआई का घेराव करते लोग। संवाद
बाजपुर। ऊर्जा निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ऊर्जा निगम के एसडीओ की तरफ से दर्ज कराए गए केस से नाराज लोगों ने कोतवाली पहुंच कर एसएसआई का घेराव किया। उन्होंने यूनियन अध्यक्ष की तहरीर पर आरोपियों पर केस दर्ज करने की मांग की।
आरोप है कि पिछले महीने कर्मचारियों ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों पर अभद्रता और ठेकेदार स्तर के कार्य उनसे कराने का आरोप लगाते हुए यूनियन अध्यक्ष राधाकांत मिश्रा की अगुवाई में प्रदर्शन किया था। 20 सितंबर को दोराहा स्थित डिवीजन कार्यालय पर बैठक आयोजित की गई। हाइड्रो इलेक्ट्रिक इम्प्लाइज यूनियन के अध्यक्ष राधाकांत मिश्रा ने कोतवाली में तहरीर देकर दो अधिकारियों पर रास्ते में रोककर धमकी देने का आरोप लगाया था। उसके बाद एसडीओ ललित मोहन ने तहरीर देकर यूनियन अध्यक्ष पर धमकी देने का आरोप लगाया। एसडीओ की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
शुक्रवार को उत्तराखंड वाल्मीकि दलित समाज सुधार संगठन अध्यक्ष अनिल वाल्मीकि की अगुवाई में लोग एकत्र होकर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने मौजूद एसएसआई गोविंद मेहता का घेराव किया। उन्होंने पूर्व में दी गई तहरीर पर आरोपियों पर केस दर्ज करने की मांग की। वहां राधाकांत मिश्रा, नारायण सिंह, प्रेम सिंह कोरंगा, अजय चौरसिया, मनोज कुमार, जरनैल सिंह आदि मौजूद रहे।