पंतनगर। तकनीकी कारणों से शनिवार को दिल्ली से 8:10 बजे उड़ान भरकर 9:15 बजे पंतनगर पहुंचने वाली इंडिगो की पहली फ्लाइट संख्या 6ई-7156 को रद्द कर दिया गया। फ्लाइट रद्द होने से दिल्ली से पंतनगर की टिकट बुक कराए 27 यात्रियों को इंडिगो की दो घंटे बाद 10.24 बजे पंतनगर आने वाली (दूसरी) फ्लाइट संख्या 6ई-7324 से भेजा गया। इसी प्रकार पंतनगर से दिल्ली की पहली फ्लाइट में टिकट बुक कराए 39 यात्रियों में से कुछ को वाया जयपुर और कुछ को दिल्ली जाने वाली दूसरी फ्लाइट से भेजा गया। तीन यात्रियों ने किराया वापस लेकर अपनी यात्रा रद्द कर दी। इसके अलावा इंडिगो के सिस्टम में तकनीकी दिक्कत के चलते पंतनगर से जयपुर जाने वाली फ्लाइट आधे घंटे और लखनऊ से पंतनगर आने वाली फ्लाइट ने दो घंटे की देरी से उड़ान भरी।