फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी पुलिस की फायरिंग में ज्येष्ठ उपप्रमुख की पत्नी की मौत

विज्ञापन
ज्येष्ठ उप प्रमुख गुरताज सिंह भुल्लर और उनकी पत्नी गुरजीत सिंह कौर।
विज्ञापन
काशीपुर। पचास हजार रुपये के इनामी खनन माफिया की तलाश में कुंडा के ग्राम भरतपुर में दबिश देने आई यूपी पुलिस और एसओजी टीम की ग्रामीणों से भिड़ंत हो गई। इस दौरान दोनों तरफ से हुई फायरिंग में सहकारी समिति की लिपिक की गोली लगने से मौत हो गई। वह जसपुर के ज्येष्ठ उपप्रमुख की पत्नी हैं। इस घटना में यूपी पुलिस के पांच जवानों के घायल होने की खबर है।
विज्ञापन

गोली कांड में निर्दोष महिला की मौत से लोगों का गुस्सा भड़क गया। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने एनएच को पूरी तरह से बाधित कर दिया है। तनाव के मद्देजनर ऊधमसिंहनगर और नैनीताल जिले की पुलिस फोर्स मौके पर बुला ली गई है।
ठाकुरद्वारा पुलिस को सूचना मिली थी कि 13 सितंबर को पुलिस दल पर हमला करने वाला एक इनामी खनन माफिया थाना डिलारी ग्राम कांकरखेड़ा निवासी जफर ग्राम भरतपुर में जसपुर के ज्येष्ठ उपप्रमुख गुरताज सिंह भुल्लर के यहां छिपा हुआ है। इस सूचना पर ठाकुरद्वारा कोतवाल योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी की टीम ने बुधवार की शाम भुल्लर के फार्म हाउस की घेराबंदी कर ली। सादे कपड़ों में अनजान लोगों को देखकर परिजनों ने उन्हें ललकारा। पुलिस के अनुसार ग्रामीण हमलावर हो गए। इस दौरान दोनों तरफ से हुई फायरिंग में ड्यूटी कर घर लौट रही गुरताज की पत्नी गुरजीत कौर (28) को गोली लग गई। फायरिंग में पांच पुलिस कर्मी घायल हो गए।
विज्ञापन

सूचना पर एसओ कुंडा दिनेश सिंह फर्त्याल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। घायल महिला को एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घायल पुलिस कर्मियों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। महिला की मौत की भनक लगते ही मुरादाबाद पुलिस के अधिकारी घायल पुलिस कर्मियों को अपने साथ ले गए। घटना से गुस्साए क्षेत्र के लोगों ने कुंडा थाने के सामने एनएच पर जाम लगा दिया। उनका आरोप था कि पुलिस अभिरक्षा में होने के बाद हत्यारोपियों को भागने दिया गया है। जाम लगाने वाले आरोपियों के खिलाफ मुकदमा कर उनकी गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं।
यह था मामला
एसडीएम ठाकुरद्वारा परमानंद सिंह और खनन इंस्पेक्टर अशोक कुमार की टीम ने बीती 13 सितंबर को काशीपुर-ठाकुरद्वारा रोड पर तिकोनिया के पास चेकिंग के दौरान उपखनिज लदे पांच डंपर टीम ने पकड़े थे। खनन माफियाओं ने एसडीएम और खनन इंस्पेक्टर पर हमलाकर चार डंपर छुड़ा लिए थे। खनन इंस्पेक्टर की तहरीर पर पांच नामजद समेत 150 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस अब तक 17 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। खुद सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों की वर्चुअल बैठक में अवैध खनन सिंडिकेट के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। डीआईजी मुरादाबाद शलभ माथुर ने जांच के दौरान प्रकाश में आए 19 आरोपियों पर पचास-पचास हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था। इनमें से चार इनामी पूर्व में पकड़े जा चुके हैं।
दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा : डीजीपी
उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार का कहना है कि मुरादाबाद पुलिस पचास हजार रुपये के इनामी बदमाश को पकड़ने आई थी। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला कर दिया। क्रॉस फायरिंग में एक महिला की मौत हो गई है। यूपी पुलिस का कहना है कि उनके तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए हैं। मामले में ऊधमसिंह नगर पुलिस को गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। गोली किस ओर से पहले चली, इस बात की भी जांच की जा रही है। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें