सितारगंज। रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार यूपी निवासी चचेरे-तहेरे दो भाइयों की मौत हो गई जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक नानकमत्ता में दिवाली मेला घूमने आए थे।
मंगलवार-बुधवार रात करीब 3:20 बजे नानकमत्ता में लगे दिवाली मेले से एक ही बाइक पर घर लौट रहे तीन युवकों को एनएच-74 पर नकहा गांव में ढाबे के सामने रोडवेज बस (यूके 08 पीए 1780) ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार ग्राम मकसूदनपुर थाना देवरनिया जिला बरेली (यूपी) निवासी संजय गंगवार (20) पुत्र उमाशंकर, सौरभ गंगवार (19) पुत्र द्वारिका प्रसाद व उनका साथी अभिषेक गंगवार पुत्र पप्पू गंगवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने तीनों घायलों को नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां डॉक्टर ने संजय और सौरभ को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अभिषेक को प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। संजय और सौरभ आपस में चचेरे-तहेरे भाई थे। दोनों अपनी बहनों के इकलौते भाई थे। संजय डी-फार्मा की पढ़ाई कर रहा था जबकि सौरभ बीकॉम का छात्र था। पुलिस के मुताबिक तीनों में से किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं पहना था।
सूचना पर परिजन सितारगंज अस्पताल पहुंचे। हादसे में दो भाइयों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल भारत सिंह ने बताया कि रोडवेज बस व क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। बस के फरार चालक की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक संजय गंगवार। (फाइल फोटो)- फोटो : SITARGANJ