जसपुर में हंगामा करते परिजनों को समझाते विधायक आदेश चौहान। संवाद
- फोटो : KASHIPUR
जसपुर। सड़क दुर्घटना में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने डॉक्टर पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगा नर्सिंग होम पर हंगामा किया। विधायक आदेश चौहान ने घटनास्थल पर पहुंचकर आक्रोशित परिजनों को शांत कराया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला नत्था सिंह निवासी बंटी तोमर ने बताया कि उनका भाई दीपक तोमर (23) अपनी साइकिल से सूत मिल रोड होकर घर आ रहा था। तभी कार यूके 18 एफ 7003 के चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाकर उसके भाई दीपक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया। वहां के ईएमओ डॉ. विद्याचरण ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
तब उसने अपने भाई दीपक को डॉ. आशु सिंघल के अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान उसके भाई की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया। विधायक चौहान ने बताया कि उन्होंने डीएम युगल किशोर पंत से वार्ता कर मृतक के शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराने के लिए कहा। डीएम ने डॉक्टर के पैनल से ही पोस्टमार्टम कराने का आश्वासन दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति साफ हो जाएगी।
डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप
जसपुर। मृतक दीपक के भाई बंटी ने पुलिस को दी दूसरी तहरीर में डॉक्टर पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। बताया कि डॉक्टर ने उन्हें आश्वासन दिया था कि वह उसे ठीक कर देंगे। उसने आरोप लगाया कि डॉक्टर ने उससे फीस के रुपये जमा करा लिए थे। उसके भाई की जांघ, कूल्हा, रीढ़ की हड्डियां टूटी थीं। डॉक्टर ने कोई प्लास्टर नहीं किया। रेफर भी नहीं किया। इसी लापरवाही के कारण उसके भाई की मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने बताया कि इस तहरीर पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों के आरोपों को बताया निराधार
जसपुर। डॉ. आशु सिंघल ने मृतक के परिजनों के आरोपों को निराधार बताया। कहा कि घायल युवक को उसके परिजनों ने मंगलवार रात करीब आठ बजे आपात एंबुलेंस से अस्पताल में पहुंचाया था। उन्होंने आयुष्मान कार्ड से उपचार कराने का अनुरोध किया था। बेड से न उठने की हिदायत के बावजूद बुधवार प्रात: पांच बजे दीपक शौच के लिए जा रहा था कि तभी उसकी हृदय गति रुक गई। बताया कि उपचार में कोई लापरवाही नहीं बरती गई।