काशीपुर। आईटीआई थाना क्षेत्र के चैती मेला परिसर में बने टिनशेड में मंगलवार को एक शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास किया। शिनाख्त नहीं होने पर शव मोर्चरी में रखवा दिया। साथ ही पुलिस ने शव की फोटो खींच कर आसपास थानों को भेज दी। सूचना पर जानकारी मिलने पर ग्राम भावपुरा थाना दड़ियाल जिला रामपुर निवासी राजपाल चौधरी पुत्र स्व. देवी सिंह और आईटीआई थाना क्षेत्र के वैशाली कॉलोनी निवासी विशाल चौधरी मोर्चरी पहुंचे। उन्होंने शव की शिनाख्त तेजपाल चौधरी (42) पुत्र स्व. देवी सिंह के रूप में की। मृतक के भाई राजपाल ने बताया तेजपाल नशे का आदी थी। वह आए दिन घर से भाग कर इधर-उधर घूमता रहता था। आईटीआई थाना प्रभारी एके सिंह ने बताया कि मृतक काफी दिनों से क्षेत्र में घूमता देखा जा रहा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया है।