रुद्रपुर। किच्छा में टोल प्लाजा के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जिला भिवानी हरियाणा के ग्राम तलवानी का मूलवासी मुकेश कुमार (40) किच्छा रोड स्थित तीनपानी में ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करता था। वह रविवार को बाइक पर किच्छा से तीनपानी की ओर से आ रहा था कि तभी टोल प्लाजा के पास उसकी बाइक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में मुकेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उसका परिवार हरियाणा में रहता है। उसकी पत्नी और बेटा शोकाकुल है।
दादी-पोती की मौत के मामले में ट्रक चालक नामजद
रुद्रपुर। ट्रक से कुचलकर पिछले साल हुई दादी और पोती की मौत के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। ग्राम मुसेला उमरसर जिला शाहजहांपुर यूपी के मूलवासी और दूधियानगर के हाल निवासी पप्पू ने यहां कोतवाली में तहरीर दी। इसमें बताया कि 13 सितंबर 2022 की दोपहर तीन बजे वह अपनी मां मुन्नी देवी और बेटी सोनी के साथ बाइक पर सवार होकर शिमला पिस्तौर से होकर रुद्रपुर आ रहे थे।
उसी दौरान थाना बहेड़ी जिला बरेली के ग्राम उतरसिया समुखिया निवासी 12 टायर ट्रक के चालक दलविंदर सिंह ने नेशनल हाईवे पर तेजी और लापरवाही से उनकी बाइक पर टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मां और बेटी ट्रक के टायर से कुचल गए। इस कारण उनकी बेटी सोनी और मां मुन्नी की मौत हो गई। उनको भी गंभीर चोट लगी थी। इस कारण रिपोर्ट लिखाने में देरी हुई। घटना के बाद भाग रहे चालक, हेल्पर को पकड़कर स्थानीय लोगों ने पुलिस के सुपुर्द कर दिया था।