रुद्रपुर। होली के दिन अपने साथियों के साथ तालाब में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के मुताबिक मूल रूप से शाहजहांपुर (यूपी) निवासी अंकित सिंह (24) यहां जगतपुरा में किराए पर रहता था। वह ट्रांजिट कैंप क्षेत्र स्थित एक मोबाइल की दुकान में काम करता था। शुक्रवार को वह अपने कुछ साथियों के साथ होली खेलने के लिए गया हुआ था। तभी गंगापुर रोड स्थित एक तालाब में वह नहाने लगा। बताया जा रहा है कि साथियों के मना करने के बावजूद वह तालाब में नहाने उतर गया। तभी अचानक पैर फिसलने से वह डूबने लगा, लेकिन साथियों को तैरना नहीं आने के कारण उसे बचाया न जा सका। शोरशराबा गंगापुर रोड से गुजर रहे राहगीरों ने उसे तालाब से बाहर निकाला। अफरातफरी के बीच उसे जिला अस्पताल ले जाया, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। ट्रांजिट कैंप थानाध्यक्ष विनोद फर्त्याल ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।