बाघ आरक्षित रेंज मे तेंदुए का क्षत-विक्षत शव मिला है। अमानगढ़ टाइगर रिजर्व रेंज में शुक्रवार की देर शाम सेक्शन इंचार्ज भोपाल सिंह, वन रक्षक मनोज कुमार, फूल सिंह, विपिन कुमार व जाफर अली के साथ रेंज में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान रेंज के कंपार्टमेंट 7 में एक व्यस्क तेंदुए का क्षत विक्षत शव पड़ा मिला।
क्षेत्रीय वनाधिकारी अमानगढ़ प्रदीप कुमार शर्मा ने कहा कि घटनास्थल के पास बाघ के पग चिह्न मिले हैं। जिससे प्रतीत होता है कि बाघ के हमले में तेंदुए की मौत हुई है। मृतक मादा तेंदुए की उम्र लगभग चार वर्ष है। उसके सभी अंग सुरक्षित हैं। घटना स्थल के आस-पास मेटल डिडक्टर से सघन जांच की गयी।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand: डिजिटल भुगतान का बड़ा माध्यम बनकर उभरे जन सेवा केंद्र, एक साल में 602 करोड़ रुपये का हुआ लेनदेन
उच्चाधिकारियों के निर्देशन पर गठित पैनल में डॉ. एसपी सिंह कासमपुरगढ़ी, डाॅ. धीरेन्द्र सिंह अफजलगढ़, डाॅ. उमा सिंह कादराबाद की ओर से तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम किया। विसरा जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तेंदुए की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पायेगा।