रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में कल्याणी नदी में बहे अधेड़ का शव घटनास्थल से 200 मीटर दूर बरामद हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
बृहस्पतिवार दोपहर वार्ड 39 जगतपुरा निवासी जगदीश (50) घर के पास बहने वाली कल्याणी नदी में बह गया था। एक युवक ने उसको बचाने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली थी।
सूचना पर पुलिस ने जल पुलिस को बुलाकर उसकी तलाश की लेकिन पता नहीं चलने पर अंधेरा होने पर बचाव अभियान बंद कर दिया गया।
शुक्रवार सुबह जगतपुरा पहुंचे एसडीआरएफ के जवानों ने अभियान चलाकर करीब 200 मीटर दूरी पर जगदीश का शव बरामद किया। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार जगदीश फूल और गमले बेचने का काम करता था। घर में उसकी पत्नी मुन्नी देवी और दो बच्चे हैं। दो बेटियों की शादी हो चुकी है।
सूचना पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। एसएचओ मोहन चंद्र पांडेय ने बताया कि स्थानीय लोगों ने जगदीश के नदी में कूदने की बात कही थी। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को दे दिया गया है।