सितारगंज। सिडकुल क्षेत्र में बैगुल और कैलाश नदी की बाढ़ से हालात बेकाबू से हैं। नदियों से कटाव निरंतर जारी है। पिछले चार दिन के भीतर दोनों नदियों से सिडकुल को करीब नौ करोड़ रुपयों की क्षति हुई है। एल्डिको कंपनी भी नदी से कटाव की वजह से हुए नुकसान का आकलन कर रही है।
सिडकुल फेज टू के सेक्टर संख्या एक की सड़क संख्या सात करीब 70 मीटर कट चुकी है। नदी का पानी से लगातार हो रहे कटाव के कारण सड़क ध्वस्त होती जा रही है। इसी मार्ग पर कुछ ही दूरी पर स्थित ट्रांसपोर्ट हब का प्लेटफार्म लगभग सौ मीटर क्षतिग्रस्त हो चुका है। नदी एल्डिको क्षेत्र की तुषार एक्सल कंपनी की दीवार के नजदीक नदी पहुंच चुकी है। इससे फैक्टरी की दीवार धराशायी होने के साथ ही भारी नुकसान का अंदेशा है। फैक्टरी में कार्यरत करीब 70 कर्मचारी भयभीत हैं। यहां एल्डिको का पंपिंग सेट और ड्रेनेज आदि पहले ही नदी में समा गए हैं।
डीएम से मिलेंगे उद्योगपति
सितारगंज। बृहस्पतिवार को सितारगंज सिडकुल इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष कृष्ण सत्यवली, सिडकुल के क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार, एल्डिको के वाइस प्रेसीडेंट संदीप चावला ने नदियों से हो रहे कटाव का निरीक्षण किया। आरएम रविंद्र ने बताया कि अब तक नदी के कटाव से सिडकुल में इन्फ्रास्ट्रक्चर को भारी नुकसान पहुंचा है। लगभग नौ करोड़ की क्षति का अनुमान है। अध्यक्ष सत्यवली ने कहा कि सिडकुल को बाढ़ से बचाव के लिए जल्द ही डीएम उदय राज सिंह से उद्योगपतियों का शिष्टमंडल मिलेगा। उन्होंने कंपनियों को नदियों की बाढ़ से बचाने के लिए नदियों को चैनलाइज करने और पक्के तटबंधों बनाने की मांग की। एल्डिको के वाइस प्रेसीडेंट चावला ने भी एसडीएम व डीएम को पत्र लिखा है। संवाद
मिट्टी के कट्टे लगाकर होगी कटाव की रोकथाम
सितारगंज। एसडीएम तुषार सैनी ने बताया कि सिडकुल क्षेत्र में हो रहे कटाव को रोकने के लिए नदियों को चैनेलाइज किया जाएगा। भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर अभी सामान्य नहीं हो पाया है। जलस्तर घटते ही नदी में पोकलेंड मशीन लगाकर चैनेलाइज कराएंगे। बताया कि तुषार कंपनी के पास कटाव को रोकने के लिए मिट्टी व रेत के कट्टे लगाने के सिंचाई विभाग को निर्देशित किया जाएगा। जल्द ही काम भी शुरू करा देंगे। संवाद