पंतनगर। विवि के सैनिक फार्म के पीछे एक अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
सोमवार सुबह पत्थरचट्टा स्थित सैनिक फार्म के पीछे एक लीज होल्डर अपने अमरूद के बाग की रखवाली कर रहा था। इस दौरान उसे कल्याणी नदी के किनारे एक अधेड़ का शव दिखाई दिया। सूचना पर पंतनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव की तलाशी ली तो कपड़ों से बिजली का बिल मिला। बिल में दर्ज पते के आधार पर लालकुआं थाने से संपर्क किया गया तो पता चला कि वहां 27 दिसंबर को एक अधेड़ की गुमशुदगी दर्ज हुई थी। गुमशुदा व्यक्ति के परिजनों से संपर्क कर पुलिस ने उन्हें मौके पर बुलाया। वहां पहुंचे भगत सिंह बथ्याल ने मृतक की शिनाख्त अपने पिता जसवंत सिंह बथ्याल (45) पुत्र किशन सिंह निवासी ग्राम संजय नगर प्रथम, बिंदुखत्ता थाना लालकुआं के रूप में की। भगत ने बताया कि पिता बीती 27 दिसंबर की सुबह साइकिल से घर से निकले थे और तभी से लापता थे।