काशीपुर। साइबर ठगों ने 2 खातों से ₹60000 की नकदी उड़ा ली। पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मोहल्ला आदर्श नगर निवासी अरविंद कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उसके एसबीआई जसपुर में 2 बैंक खाते हैं। 21 और 22 सितंबर 2019 को बैंक में अवकाश होने के कारण 23 सितंबर को वह पासबुक में एंट्री कराने बैंक गया। एंट्री कराने के बाद पता चला कि उसके खाते से ₹60000 की नकदी गायब है। 24 सितंबर को मामले की तहरीर जन शिकायत डेस्क में दी गई। इसी तारीख को एसबीआई मैनेजर को भी सूचना दी गई। 15 नवंबर 2019 को बैंकिंग एम्बुईस मेन देहरादून को रजिस्टर्ड पत्र भेजकर सूचित किया गया। उसके बावजूद कोई कार्यवाही नहीं हुई। पीड़ित ने मामले में कार्रवाई कर निकाली गई रकम वापस दिलाने की मांग की। पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।