जाहरवीर गोगा जी महाराज के मंदिर में श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते पुजारी
गूलरभोज। खानपुर पश्चिम के प्राचीन जाहरवीर मेले में बाबा का आशीर्वाद लेने रविवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मेले के आखिरी दिन लोगों ने परिवार के साथ मंदिर पहुंचकर बाबा का आशीर्वाद लिया। सौ वर्ष से अधिक प्राचीन जाहरवीर गोगा जी महाराज (गोगाजी पीर) के मंदिर में बुक्सा जनजाति समाज के आराध्य बाबा जाहरवीर के दर पर मत्था टेकने के लिए काशीपुर, बाजपुर, रामनगर और गदरपुर के जनजाति बहुल गांवों से लोगों के आने का सिलसिला दोपहर बाद तक जारी रहा। मंदिर के पुजारी ने श्रद्धालुओ की पीठ पर लोहे के सांकल से आशीर्वाद दिया। इस दौरान रामगोपाल, नन्हे सिंह, करन कुमार, शंकर सिंह, कन्हैया, त्रिलोक सिंह आदि थे। संवाद