रुद्रपुर। खटीमा के सुरई जंगल क्षेत्र में स्थित राज्य के पहले क्रोकोडाइल ट्रेल का 10 लाख रुपये से जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके लिए पर्यटन विभाग की ओर से तराई पूर्वी वन प्रभाग को बजट दिया जा रहा है।
150 से अधिक मगरमच्छ वाले ट्रेल को पर्यटन के लिहाज से विकसित किया गया है। इसमें मगरमच्छ सफारी, बच्चों को मगरमच्छ के प्रति जागरूक करने के लिए एक प्वाइंट बनाया गया है। जल्द ही लोगों को थारू हट कैंटीन भी देखने को मिलेंगी। जिसमें महिलाओं की ओर से रेस्टोरेंट का संचालन किया जाएगा। तराई पूर्वी वन प्रभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बारिश व मौसम के चलते क्रोकोडाइल ट्रेल में लगाई गई फेंसिंग आदि के कार्यों की मरम्मत होनी की जरूरत है। जिला पर्यटन अधिकारी पीके गौतम ने बताया कि क्रोकोडाइल ट्रेल की मरम्मत कार्य के लिए तराई पूर्वी वन प्रभाग को 10 लाख रुपये का बजट दिया जा रहा है। जल्द ही इनकी तरफ से प्रस्ताव बनाकर पर्यटन विभाग को दिया जा रहा है।