औचक छापे में सील किए गए अपंजीकृत आदर्श अस्पताल के संचालक समेत दो लोगों को कुंडा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मामले में दो आरोपी फरार हैं। 30 अगस्त को एसडीएम दयानंद सरस्वती, सीओ राजेश भट्ट, सीएमएस डॉ. वीके टम्टा और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कंवलजीत सिंह ने पुलिस फोर्स के साथ छापेमारी की। इस दौरान मुरादाबाद रोड स्थित सेवा हॉस्पिटल, अपोलो हॉस्पिटल और आदर्श अस्पताल को सील कर दिया था। सीएमएस डॉ. विनोद कुमार टम्टा ने तीनों अस्पतालों के संचालकों समेत 20 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इनमें से चार लोग आदर्श अस्पताल के है, जिनके खिलाफ कुंडा थाने में केस दर्ज कराया गया था। शनिवार को मंडी चौकी प्रभारी मदन सिंह बिष्ट ने अस्पताल संचालक ग्राम कचनालगाजी निवासी रहीस व ठाकुरद्वारा निवासी रियासत को गिरफ्तार कर लिया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. शमशुज्जमा व बाबरखेड़ा निवासी रानी अभी फरार चल रहे हैं। ब्यूरो