पत्नी के साथ चल रहे विवाद को निपटाने के लिए पंचायत करने ससुराल पहुंचे युवक को ससुरालियों ने केमिकल डालकर झुलसा दिया। 108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ट्रांजिट कैंप आजाद नगर निवासी बाबूराम पुत्र कन्हैया लाल के अनुसार कुछ समय पहले उसका अपनी पत्नी के साथ विवाद हो गया था, जिसके बाद से पत्नी मायके में रहने लगी थी। सोमवार रात उसके ससुरालियों ने पत्नी के साथ चल रहे विवाद को निपटाने के लिए पंचायत करने की बात कहकर उसे ससुराल आने को कहा।
बाबूराम का आरोप है कि जब वह पंचायत में पहुंचने के लिए अपने ससुराल को निकला तो ससुरालियों ने उसे आधे रास्ते में घेरकर उसके ऊपर केमिकल डाल दिया। इससे वह बुरी तरह झुलस गया। आसपास के लोगों की भीड़ जमा होने पर ससुराली उसे मौके पर ही छोड़कर भाग गए। 108 एंबुलेंस की मदद से झुलसे बाबूराम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।