रामलीला देखने गए युवक की रामलीला परिसर में करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। उसकी मृत्यु के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामले में मृतक के परिजनों की ओर से थाने में रामलीला कमेटी के खिलाफ तहरीर दी गई है।
बुधवार रात को जयनगर एक निवासी सुभाष पासी का 18 वर्षीय पुत्र सूरज दोस्तों के साथ गांव में इंटर कालेज के पास चल रही रामलीला देखने गया था। 10 बजे के करीब वह बाहर पर्दे के पीछे की तरफ चला गया। वहां इलेक्ट्रीशियन द्वारा सप्लाई के लिए बिछाए गए बिजली तार के करंट की चपेट में आ गया।
उसकी चीख सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह सूरज को तार से अलग किया। आयोजकों ने आनन-फानन में रामलीला बंद करा दी। सूरज को तत्काल पहले दिनेशपुर से ले जाया गया। जहां हालत गंभीर बताकर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूरज की मृत्यु का समाचार मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूरज दो भाइयों में बड़ा था।
जबकि उसकी दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। गुरुवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही सिडकुल चौकी पुलिस ने अस्पताल में जाकर शव को कब्जे में ले लिया। मृतक के चाचा सुदर्शन ने दिनेशपुर थाने में रामलीला कमेटी के खिलाफ लापरवाही बरतने की तहरीर दी है।